मेनू

नरोत्तम समेत 12 मंत्री हारे, 66 सीटों पर सिमटी कांग्रेस

अपडेट Dec 04, 2023 01:57 pm IST

मध्यप्रदेश में विधानसभा की सभी 230 सीटों पर तस्वीर साफ हो गई है। BJP के खाते में 163 सीटें आई हैं। वहीं, कांग्रेस ने 66 सीटें जीती हैं। एक सीट अन्य के खाते में आई है। बहुमत के लिए 116 सीटें चाहिए।

इस चुनाव में रोचक यह है कि यहां सपा, बसपा, AAP या निर्दलियों का खाता तक नहीं खुल पाया है। भाजपा-कांग्रेस के बाद भारत आदिवासी पार्टी (BAP) एक मात्र ऐसा दल है, जिसके प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर मध्यप्रदेश में एंट्री की। सैलाना से पार्टी के कमलेश्वर डोडियार 4618 वोट से जीते। पिछली बार मप्र में 4 निर्दलीय के साथ 2 बसपा और 1 सपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी।

फग्गन सिंह कुलस्ते, गणेश सिंह और नरोत्तम मिश्रा हारे

मंडला की निवास विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सतना से सांसद गणेश सिंह हार गए। दतिया से गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत शिवराज सरकार के 12 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के 3 सांसद जीत चुके हैं। सैलाना में भारत आदिवासी पार्टी के कमलेश डोडियार ने कांग्रेस के हर्ष विजय गहलोत को हराया। भाजपा प्रत्याशी संगीता चारेल तीसरे नंबर पर रहीं।

सिंधिया बोले- लाड़ली बहना गेमचेंजर, विजयवर्गीय ने कहा- ये मोदी के करिश्मे की जीत

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लाड़ली बहना को गेमचेंजर बताते हुए भोपाल में कहा, 'ग्वालियर-चंबल सहित प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को अपना कद दिखा दिया।' वहीं, जीत की वजह 'लाड़ली बहना' के सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय भड़क गए। उन्होंने इंदौर में कहा, 'राजस्थान-छत्तीसगढ़ में तो लाड़ली बहना नहीं है, लेकिन हमें वहां भी जीत मिली है। यह पीएम नरेंद्र मोदी के करिश्मे की जीत है।'

कमलनाथ ने कहा- हम खामियों का विश्लेषण करेंगे

कमलनाथ ने कहा, 'इस मुकाबले में हम मध्यप्रदेश के मतदाताओं का फैसला स्वीकार करते हैं। विपक्षी दल के नाते हम अपने कर्तव्य पर डटे रहेंगे। मैं भाजपा को जीत की बधाई देता हूं। हम खामियों का विश्लेषण करेंगे। देखेंगे कि हम मतदाताओं को अपनी बात क्यों नहीं समझा पाए।'

रीकाउंटिंग में 28 वोट से जीते BJP प्रत्याशी

शाजापुर से भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावत ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा को सिर्फ 7 वोट से हराया। कराड़ा ने रीकाउंटिंग कराई। इधर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। मोर्चा संभालते हुए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। रीकाउंटिंग में भीमावत 28 वोट से जीत गए।

CM बोले- MP के मन में मोदी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'MP के मन में मोदी है और मोदी के मन में MP है। कैलाश विजयवर्गीय बोले, 'अब ईवीएम और चुनाव आयोग कांग्रेस के निशाने पर होंगे।'

कांग्रेस प्रत्याशी के विजय जुलूस में फायरिंग

रात करीब साढ़े 9 बजे जबलपुर पूर्व विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी लखन घनघोरिया के विजय जुलूस में फायरिंग हो गई। घटना में वारिस मिश्रा नाम का युवक कमर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि जुलूस के दौरान गगन यादव ने फायरिंग की है। फिलहाल, ये साफ नहीं है कि गोली किसी इरादे से चलाई गई या फिर हर्ष फायर किया गया।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement