मेनू

गजब धोखेबाज किस्मत... पहले छूटा कैच, फिर हुआ रन आउट, एक ही गेंद पर खूब हुआ ड्रामा

अपडेट May 11, 2023 08:03 pm IST
चेन्नई: आईपीएल-2023 के 55वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 27 रनों से रौंद दिया। एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम ने 8 विकेट पर 168 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 8 विकेट पर 140 रन बना सकी। आखिरी के ओवरों में रिपल पटेल और अक्षर पटेल ने थोड़ा जोर तो लगाया, लेकिन चेन्नई की कातिलाना गेंदबाजी के आगे असहाय नजर आए। इस बीच रिपल पटेल को एक ही गेंद पर पहले जीवनदान मिला और उसी कुछ ही सेकंड में आउट हो गए।

तुषार देशपांडे ने 19वां ओवर किया। इस ओवर की 5वीं गेंद पर रिपल पटेल ने हवाई शॉट खेला। उन्हें लगा गेंद बाउंड्री पार कर जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। गेंद बॉलर के आसपास ही काफी खड़ी हो गई। यहां तुषार देशपांडे और मोईन अली दोनों गेंद की ओर दौड़े। हालांकि, तुषार ने अटेम्प्ट किया, लेकिन गेंद को लपकने में नाकाम रहे। अब यहां दूसरे रन का मौका देख रिपल और अमन ने दोड़ लगा दी।

जब गेंद नीचे गिरी और रिपल को दौड़ता देख मोईन लली ने फुर्ती से थ्रो कर दिया। विकेट के पीछे धोनी थे। हालांकि, गेंद उनके पास पहुंचती इससे पहले ही स्टंप्स पर जा लगी। इस तरह से एक ही गेंद पर रिपल पटेल को पहले जीवनदान मिला और फिर वह रन आउट हो गए। पहले तो वह अपनी किस्मत पर खुश हुए होंगे, लेकिन फिर कुछ ही सेकंड में निराश।

हालांकि, उस समय तक चेन्नई सुपर किंग्स मैच में बढ़त बना चुका था। अगर यहां गेंद बाउंड्री पार चली भी जाती तो शायद धोनी को दुख नहीं होता। आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 40 से अधिक रन चाहिए थे, जो कहीं से भी संभव नहीं था। आखिरी ओवर करने आए पथिराना ने 15 रन दिए, जबकि चेन्नई ने 27 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया। इस तरह धोनी की टीम 15 पॉइंट्स लेकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement