मेनू

चीनी गुब्बारे के बाद अमेरिका ने अलास्का में रहस्यमय UFO को किया शूट, उड़ते जासूसों से भरा 'सुपर पावर' का आसमान!

अपडेट Feb 11, 2023 06:50 pm IST
वॉशिंगटन : एक अमेरिकी एफ-22 फाइटर जेट ने शुक्रवार को अलास्का के ऊपर उड़ रही एक अज्ञात चीज को मार गिराया। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। चीन के एक जासूसी गुब्बारे को अमेरिकी मिसाइल से मार गिराने के एक हफ्ते के अंदर यह इस तरह की दूसरी घटना है। पेंटागन के प्रवक्ता अमेरिकी ब्रिगेडियर जनरल पैट्रिक राइडर ने जानकारी दी है कि एक सिडविंडर मिसाइल ने एक अज्ञात ऑब्जेक्ट को मार गिराया है जिसका आकार किसी छोटी कार के बराबर था। वाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि हम नहीं जानते कि यह ऑब्जेक्ट किसका है?
रॉयटर्स की खबर के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुब्बारे को मार गिराने का आदेश दिया था। 4 फरवरी को एक यूएस एफ-22 फाइटर जेट ने अमेरिका और कनाडा के कुछ हिस्सों में हफ्ते भर से उड़ रहे चीन के जासूसी गुब्बारे को दक्षिण कैरोलिना के तट पर मार गिराया था। चीन की सरकार ने दावा किया था कि यह एक सिविलिएन बैलून था। इसका इस्तेमाल मौसम संबंधी रिसर्च के लिए किया जाता है। कुछ अमेरिकी सांसदों ने चीनी गुब्बारे को शूट करने में देरी के लिए बाइडन की आलोचना भी की थी।

चीनी गुब्बारे से छोटा था ऑब्जेक्ट

अमेरिकी सेना ने गुब्बारे के मलबे से रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचने का खतरा जताया था। इसलिए वे इसका समुद्र के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। पेंटागन और वाइट हाउस ने हालिया ऑब्जेक्ट की विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि यह चीन के गुब्बारे से काफी छोटा था। पेंटागन ने कहा कि गुरुवार को पहली बार जमीन पर मौजूद रडार का इस्तेमाल करते हुए इसका पता लगाया गया था।

40 हजार फीट की ऊंचाई पर भर रहा था उड़ान

ऑब्जेक्ट की जानकारी मिलने के बाद एफ-35 विमानों को जांच के लिए भेजा गया। यूएफओ (Unidentified Flying Object) करीब उत्तर-पूर्वी दिशा की तरफ लगभग 40 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। यह सिविलिएन एयर ट्रैफिक के लिए खतरा था। ऑब्जेक्ट को कनाडा की सीमा के पास जमे हुए अमेरिकी क्षेत्रीय जल के ऊपर पूर्वोत्तर अलास्का के तट पर नीचे गिराया गया। अधिकारियों ने कहा कि समुद्र में डूबे चीनी गुब्बारे की तुलना में बर्फ से ऑब्जेक्ट का मलबा निकालना कहीं अधिक आसान होगा।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement