मेनू

पिता का सिर कलम करने वाला अमेरिकी शख्स गिरफ्तार : बाइडेन प्रशासन से नाखुश था आरोपी

अपडेट Feb 01, 2024 01:25 pm IST

अमेरिकी पुलिस ने पिता का सिर कलम करने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बेटे ने पिता की हत्या करने के बाद उनका सिर धड़ से अलग किया। फिर इसे हाथ में पकड़कर वीडियो बनाया और यूट्यूब पर पोस्ट कर दिया।

NBC न्यूज के मुताबिक वीडियो में बेटा कह रहा था कि उसके पिता 20 साल से फेडरल वर्कर थे। वो गद्दार थे और सभी फेडरल वर्कर्स को मर जाना चाहिए। 14 मिनट के इस वीडियो में बेटे ने राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ कई बातें बोलीं। इसके अलावा उसने ब्लैक लाइव्स मैटर और LGBTQ कम्युनिटी को लेकर भी बातें कहीं।

हालांकि, 6 घंटे बाद यूट्यूब ने यह वीडियो हटा दिया था। इस वीडियो को 5 हजार लोगों ने देखा था। मामला 30 जनवरी का बताया जा रहा है। उसी दिन गिरफ्तारी भी हो गई थी। पुलिस ने अब इस मामले से जुड़ी जानकारियों का खुलासा किया है।

वीडियो में क्या दिख रहा था...
आरोपी बेटे ने Mohn's Militia - Call To Arms For American Patriots (मॉन मिलिशिया- अमेरिकी देश भक्तों के लिए हथियारों का आह्वान) नाम से वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उसके हाथ में खून से सने प्लास्टिक के दस्ताने और पॉलीथिन बैग में पिता का सिर दिख रहा था। बाद में सिर एक बर्तन में दिखा था।

वीडियो में आरोपी लोगों से कह रहा था कि वो भी उसकी तरह पत्रकारों और फेडरल वर्कर्स पर हमला करें। उसका कहना था कि वामपंथियों की वजह से अमेरिका पूरी तरह से सड़ रहा है।

घर से 160 किलोमीटर दूर गिरफ्तारी हुई
30 जनवरी को 32 साल के जस्टिन मॉन ने पेंसिल्वेनिया स्थित अपने घर में पिता माइकल मॉन की हत्या कर दी थी। उनका सिर कलम कर दिया था। फिर फरार हो गया था। इस दौरान उसकी मां- डेनिस घर पर नहीं थीं। जब वो घर लौटीं तो उन्हें पति माइकल का सिर कटा शव जमीन पर पड़ा मिला।

उन्होंने पुलिस को फोन किया। कहा- मेरे पति की हत्या कर दी गई है। उनका शव घर पर पड़ा है। मेरा बेटा भी नहीं मिल रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची। डेनिस ने पुलिस को बताया कि जब वो घर आई तो उनकी कार पार्किंग में नहीं थी। उन्हें लगा की घर पर कोई नहीं होगा, लेकिन अंदर पति का शव मिला।

बेडरूम में बर्तन के अंदर सिर मिला
पुलिस को माइकल का शव बाथरूम में मिला। पास में एक बड़ा चाकू और ग्लव्स भी मिले। छानबीन करने पर बेडरूम में रखे एक बर्तन के अंदर उनका सिर मिला। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाश शुरू की। घटनास्थल से 160 किलोमीटर दूर कार मिली और जस्टिन मॉन को गिरफ्तार किया गया।

मां का सिर धड़ से अलग करने के बाद शव पर निर्वस्त्र लेटा मिला था आरोपी
अमेरिका के न्यू जर्सी में एक आदमी ने अपनी मां की हत्या करके उनका सिर धड़ से अलग कर दिया था। 46 साल के जेफरी सर्जेट ने खुद ही पुलिस को फोन करके इसकी जानकारी दी थी। न्यू जर्सी के मीडिया हाउस NJ के मुताबिक, उसने फोन पर कहा कि उसे बाइपोलर डिसऑर्डर नाम की बीमारी है और वो अपनी मां एलेक्जेंड्रिया सार्जेंट का खून कर चुका है।

न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब जेफरी नग्न अवस्था में अपनी मां के शव पर लेटा हुआ था। वो खून से लतपथ था। पुलिस अधिकारियों को उसकी मां का सिर शव से दूर हॉल के रास्ते में पड़ा था।

कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, जेफरी ने सिर काटने के लिए एक चाकू का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने जैसे ही उसे हिरासत में लिया, वो चिल्लाने लगा कि मैंने अपनी मां की हत्या कर दी है और मुझे इसका बेहद दुख है।

हिरासत में गाना गा रहा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि हिरासत के दौरान वो जीसस लव मी (जीसस मुझसे प्यार करते हैं) गाना गा रहा था। पुलिस को मिली अपार्टमेंट की सिक्योरिटी फुटेज में जेफरी अपनी मां का सिर कलम करता नजर आ रहा है। इसके बाद वो अपने फ्लैट से बाहर झांकता है और फिर शव को हॉल-वे में ले आता है। इस दौरान उसने कपड़े नहीं पहने थे।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement