मेनू

चुनावी सभाओं में व्यस्त अशोक गहलोत की कोर्ट में हुई पेशी, वोटिंग से 4 दिन पहले फिर होगी सुनवाई, पढ़ें पूरा मामला

अपडेट Nov 03, 2023 02:01 pm IST
जयपुर: राजस्थान में चुनावी सरगर्मियों के बीच भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मानहानि केस में भी उलझने कम नहीं हुई हैं। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मानहानि दावे पर सुनवाई हुई। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। गहलोत के खिलाफ दायर मानहानि मामले की इस सुनवाई के दौरान शेखावत के वकील पेश नहीं हुए। अब इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में अगली सुनवाई 20 और 21 नवंबर को होनी है।

चुनावी भागदौड़ और कोर्ट की सुनवाई, गहलोत को उलझाया

राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। मानहानि केस में आरोपी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपनी गृह सीट यानी सरदारपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेश में पार्टी की सरकार फिर से रिपीट करने का दावा करने वाले गहलोत अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क से अधिक अन्य नेताओं के समर्थन में लगातार सभाएं कर रहे हैं। लेकिन इस भागदौड़ के बीच मानहानि केस में भी उलझे हुए हैं। अब मतदान से 4 दिन पहले फिर से सुनवाई होनी है।

क्या है मामला

मानहानि का यह मामला संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी की ओर से हजारों निवेशकों को कथित तौर पर लगभग 900 करोड़ रुपये गबन करने से जुड़ा है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया है कि अशोक गहलोत कथित घोटाले को लेकर उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। गहलोत उनकी छवि खराब करने और उनके राजनीतिक जीवन को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement