मेनू

बोरवन पार्क में बनेगा सभागृह, सुबह योगा, शाम को सामाजिक कार्यक्रम हो सकेंगे

अपडेट May 06, 2023 06:20 pm IST
संत हिरदाराम नगर। बैरागढ़ में पगड़ी रस्म एवं शोक सभाओं के लिए बड़े एवं स्थायी सभागृह की कमी जल्द ही पूरी हो जाएगी। बड़ी झील किनारे स्थित बोरवन पार्क के एक हिस्से में ही बहूउपयोगी सभागृह का निर्माण किया जा रहा है। करीब 10 हजार वर्गफीट में प्रस्तावित सभागृह का काम सोमवार से शुरू होगा।

नगर निगम ने पांच साल पहले बलिदानी प्रेम रामचंदानी मार्ग पर गैस राहत विभाग के बंद पड़े दावा अदालत भवन को तोड़कर पगड़ी रस्म हाल बनाने का काम प्रारंभ किया था। इसके निर्माण पर करीब 50 लाख रूपये की राशि खर्च भी की जा चुकी है, लेकिन यहां हाईटेंशन लाइन होने के कारण प्रथम तल पर निर्माण नहीं किया जा सकता है इसे देखते हुए अब वन विभाग की जमीन पर शेड वाला सभागृह बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके निर्माण के कारण कुछ पेड़ भी काटने होंगे। काटे गए पेड़ों की जगह जन सहयोग से आसपास पौधारोपण किया जाएगा। बोरवन क्लब भी इसमें सहयोग करेगा।
सुबह योगा, शाम को पगड़ी रस्म

पगड़ी रस्म एवं शोक सभाएं आमतौर पर शाम को ही होती हैं। प्रस्तावित सभागृह में सुबह के समय योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी हो सकेंगी। बोरवन पार्क में सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग सैर करने पहुंचते हैं। अब लोगों को यहां अच्छा समय बिताने का अवसर मिलेगा। बहूउपयोगी सभागृह के भूमिपूजन को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। झूलेलाल मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश वाधवानी ने बताया कि सोमवार को सुबह 10 बजे भूमिपूजन के साथ काम प्रारंभ हो जाएगा। इसका नाम पूर्व घोषणा के अनुसार स्व. नानकराम वाधवानी स्मृति सभागृह होगा। बैठक में जगदीश आसवानी, नरेंद्र लालवानी एवं अमित बिनवानी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement