मेनू

बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा: बहनोई को पास कराने के लिए निकलवाई आंसर की, सिपाही गिरफ्तार

अपडेट Oct 06, 2023 01:19 pm IST

पटना: बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के चलते बीते दिनों परीक्षा रद्द कर दी गई है। इस मामले में जांच चल रही है। इसी क्रम में एक पुलिस कांस्टेबल को गुरुवार को पटना में गिरफ्तार किया गया। पुलिस कांस्टेबल पर आरोप है कि उसने अपने बहनोई के लिए आंसर की निकलवा कर उसे दी थी। बहनोई रविवार को पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक में अब तक 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 74 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं।


राज्य पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) मामले की जांच कर रही है। ईओयू ने कांस्टेबलों के केंद्रीय चयन बोर्ड (सीएसबीसी) की ओर से आयोजित परीक्षा के दौरान पेपर लीक और अनुचित साधनों के उपयोग की पुष्टि की है।
 

मास्टरमाइंड की नहीं हो सही पहचान: एडीजी

ई. ओ. यू. के एडीजी नय्यर हसनैन खान ने बताया कि मामले में कुछ सुराग मिले हैं। उन्होंने कहा कि 'मास्टरमाइंड की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। किसी का नाम लेना जल्दबाजी होगी। हम मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रहे हैं। कई दस्तावेजों का सत्यापन और परीक्षण किया जाएगा। यह अभी तो शुरुआत है।'

कांस्टेबल पर बहनोई को सॉल्व की हुई आंसर की देने का आरोप: एसपी

ईओयू के एसपी सुशील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कांस्टेबल कमलेश को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि 'आरोपी कमलेश गया का रहने वाला है और उसकी पोस्टिंग नालंदा में थी। इस मामले में एक पुलिसकर्मी की ये पहली गिरफ्तारी है। कमलेश पर अपने बहनोई को सॉल्व की हुई आंसर की देने का आरोप है। जांच टीम जिला पुलिस की ओर से दिए गए सुरागों की जांच कर रही है।'
 

कमलेश के सेलफोन पर भेजे गए थे सवालों के जवाब

एसपी सुशील कुमार ने बताया कि कांस्टेबल कमलेश परीक्षा के बाद नालंदा लौट आया था। गिरफ्तारी के बाद कमलेश से हुई पूछताछ के दौरान पता चला कि सवालों के जवाब कमलेश के सेलफोन पर भेजे गए थे। उसने आंसर की का प्रिंटआउट लिया। इसके बाद आंसर की अपने बहनोई सहित 6-7 परीक्षार्थियों को दी थी।

ईओयू के एसपी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सीएसबीसी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीएसबीसी को पेपर लीक की जानकारी खुद 1 अक्टूबर को मिली थी।
 

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement