पूरा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोनिकपुर संत पट्टी का है। यहां पन्नालाल कुशवाहा के खेत में दीनानाथ का ट्रैक्टर लेकर ड्राइवर संजय शर्मा खेत की जुताई कर रहे थे। जुताई के दौरान ही ट्रैक्टर का हल किसी भारी चीज टकरा गया, जिससे काफी तेज आवाज हुई। तुरंत ही ट्रैक्टर ड्राइवर ने अपना काम रोका और जिस तरह से आवाज आई थी उसे देखना शुरू किया।
बताया जा रहा कि जांच में उसे जमीन में दबी एक भारी मूर्ति दिखाई दी। जब उसे निकाला गया और साफ सफाई की गई तो वो भगवान विष्णु की विशाल मूर्ति जैसी नजर आई। इसके बाद यह सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और ग्रामीण जुट गए। प्रशासन को भी सूचना प्राप्त हुई। गोपालपुर थाना प्रभारी रंजीत कुमार पासवान और बीडीओ सुनील कुमार मिश्रा पहुंचे। उन्होंने मूर्ति की जांच की। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं यह चोरी की प्रतिमा तो नहीं है।
इधर, ग्रामीण उसी स्थान पर विष्णु की प्रतिमा रखकर पूजा पाठ शुरू कर दी और मंदिर बनाने की तैयारी शुरू हो गई। ग्रामीण बताते हैं कि फिलहाल यहां पूजा पाठ शुरू है। मंदिर निर्माण के लिये जमीन मालिक की ओर से भी सहमति देने की बात बताई जा रही है। ग्रामीण मंदिर निर्माण के लिए चंदा करने में जुट गए। मूर्ति में दिख रहे भगवान विष्णु अपने हाथों में शंख, चक्र, गदा और पुष्प धारण किए हुए हैं।