मेनू

प्रमोद तिवारी को कांग्रेस ने बनाया राज्यसभा में उपनेता, रजनी पाटिल को भी अहम जिम्मेदारी

अपडेट Mar 12, 2023 05:50 pm IST
नई दिल्ली : कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के अपने वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को राज्यसभा में उपनेता और रजनी पाटिल को सचेतक नियुक्त करने का फैसला किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने प्रमोद तिवारी को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता और रजनी पाटिल को सचेतक नियुक्त करने को स्वीकृति दी। इन नियुक्तियों के बारे में राज्यसभा के सभापति (जगदीप धनखड़) को सूचित किया गया।'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ही उच्च सदन में पार्टी के नेता यानी नेता प्रतिपक्ष हैं। रमेश मुख्य सचेतक की भूमिका निभाते हैं। पिछले साल की शुरुआत में आनंद शर्मा का राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद से सदन में पार्टी का कोई उपनेता नहीं था। उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले तिवारी राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। महाराष्ट्र से संबंध रखने वाली रजनी पाटिल अपने ही प्रदेश से उच्च सदन की सदस्य हैं।

कांग्रेस ने 13 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे चरण से दो दिन पहले ये नियुक्तियां की हैं। खास बात ये है कि रजनी पाटिल को बजट सत्र के पहले चरण के दौरान पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था। उनपर सदन की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग करने का आरोप लगा था। इस कार्रवाई के बाद रजनी ने कहा था कि उन्होंने कुछ नहीं किया, लेकिन उन्हें 'फांसी की सजा' दी गई।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement