मेनू

पति शॉपिंग नहीं कराता, घर आकर सोता रहता है... थाने पहुंच गई महिला, कर दी शिकायत

अपडेट Oct 20, 2023 01:41 pm IST
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पत्नी की शिकायत का मामला गरमा गया है। आजकल छोटी-छोटी बातों पर भी पति-पत्नी के झगड़े बढ़ रहे हैं, लेकिन उनकी विवादों को आसानी से सुलझाने में शहर में बनाए गए पिंक बूथ मददगार साबित हो रहे हैं। यहां महिलाएं खुलकर अपने ऊपर होने वाली हिंसा की शिकायत महिला पुलिस से कर रही हैं। वॉर्ड-10 डीएलएफ कॉलोनी के सेंट्रल पार्क में 3 सितंबर को पिंक बूथ खोला गया था। यहां डेढ़ महीने में ही 56 शिकायतें आ चुकी हैं। पिंक बूथ की सब इंस्पेक्टर बबिता शर्मा ने बताया कि कई बार बात बहुत छोटी होती है, लेकिन वह धीरे-धीरे बड़ी हो जाती है। मसलन कुछ शिकायतें ऐसी आईं, जिनमें पत्नी ने बताया कि उनका पति शॉपिंग नहीं कराता। घर आकर सोता रहता है। घर के काम में हाथ नहीं बंटाता।

सब इंस्पेक्टर ने बताया कि एक केस ऐसा भी आया, जिसमें पत्नी की शिकायत थी कि बीमार होने पर पति दवा लेने नहीं जाता। उसकी देखभाल नहीं करता। ऐसे मामलों में दोनों को बुलाकर एकसाथ काउंसलिंग की जाती है। समझौता करा दिया जाता है। किसी की शिकायत होती है कि पति खर्चा नहीं देता। शराब पीकर गाली-गलौज के भी कुछ केस आए। इस बीच पड़ोसी के पेट डॉग को लेकर अनबन और झगड़े का विवाद भी आया। इसमें एक केस दहेज का केस भी रहा।

39 शिकायतों में हो चुका है समझौता, 5 पर FIR


वॉर्ड-10 डीएलएफ कॉलोनी में बने पिंक बूथ को बने करीब डेढ़ माह हो चुके है। इलाके की महिलाओं का कहना है कि अब उन्हें अपनी समस्या और खुद के साथ हो रहे अपराध को महिला पुलिस से साझा करने में झिझक महसूस नहीं होती। बूथ पर तैनात महिला इंस्पेक्टर उनकी समस्या को ध्यान से सुनकर उनका निवारण करती हैं। जरूरत पड़ने पर दूसरे थाने में रेफर भी करती हैं।

बबिता शर्मा ने बताया कि अब तक आई शिकायतों में कोई भी पेंडिंग नहीं है। घरेलू विवाद-कलह से संबंधित 39 शिकायतों में समझौते कराए जा चुके हैं। 5 केस में एफआईआर हो चुकी है। एक मामला दूसरे क्षेत्र का था, उसे रेफर कर दिया गया।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement