मेनू

अप्रैल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों की लगेगी ड्यूटी, जनता-कार्यकर्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान

अपडेट Apr 01, 2026 11:39 am IST

भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद के लिए मंत्री व पार्टी पदाधिकारी अप्रैल के पूरे माह उपलब्ध रहेंगे। कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत या समस्या के लिए मंत्रियों से मिल सकता है। जिलों में सांसद व विधायक जिला कार्यालय में बारी-बारी से कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए एक निश्चित दिन पर दो घंटे के लिए उपलब्ध रहेंगे। प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्या के समाधान के लिए जिलों से लेकर प्रदेश स्तर पर सहयोगी सेल भी काम करेगी।

उल्लेखनीय है कि मंत्री, सांसद व विधायकों को समस्याएं बताने वाले कार्यकर्ताओं की मदद को सहयोग सेल बनाई गई है। इसकी व्यवस्था को अधिक प्रभावी व कार्यकर्ता केंद्रित बनाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था की गई है। अब प्रदेश कार्यालय की सहयोग सेल में आने वाले आवेदन अथवा जनहित से जुड़े विषय संगठन व कार्यकर्ता केंद्रित होंगे। आवश्यक विषयों के लिए जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद अथवा प्रदेश पदाधिकारियों के अनुशंसा पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएंगे।इससे समस्या समाधान में आसानी होगी। सेल में मंत्रियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक व्यवस्था चार्ट पार्टी की जिला, मंडल, बूथ स्तर तक की बैठकों, कार्यक्रमों एवं पदाधिकारियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ के दायित्ववान कार्यकर्ताओं तक विधिवत रूप से पहुंचाएं जाएंगे और भाजपा जिला, संभाग कार्यालयों के सूचना बोर्ड में चस्पा किया जाएंगे। संबंधित मंत्रियों एवं प्रदेश पदाधिकारी बैठक व्यवस्था का चार्ट पार्टी के इंटरनेट मीडिया ग्रुपों में समय-समय पर अनिवार्य रूप से पोस्ट किए जाएंगे। घोषित समय सारणी में आने वाले मंत्रियों के समक्ष उनके संबंधित विभागों एवं प्रभार वाले जिलों के विषय, समस्याएं प्रस्तुत की जाएंगी, जिससे समाधान में सुविधा हो। इस संबंध में भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने समस्त भाजपा जिला अध्यक्षों को पत्र लिखा है।

अप्रैल के पहले सप्ताह प्रदेश कार्यालय में मंत्री सारंग, विजयवर्गीय और राकेश सिंह रहेंगे उपलब्ध

अप्रैल में प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री शुक्ल सहित 26 मंत्री उपलब्ध रहेंगे। माह के पहले सप्ताह में एक अप्रैल को मंत्री विश्वास सारंग और लखन पटेल उपलब्ध रहेंगे। उनके साथ पार्टी की प्रदेश पदाधिकारी के रूप में विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा सिंह होगी। दो अप्रैल को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रतिमा बागरी के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष डा. प्रभुराम चौधरी उपलब्ध रहेंगे।

तीन अप्रैल को मंत्री विजय शाह और नरेंद्र शिवाजी पटेल के साथ प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट रहेंगे। सात अप्रैल को मंत्री राकेश सिंह व दिलीप अहिरवार और प्रदेश उपाध्यक्ष डा नंदिता पाठक उपलब्ध रहेगी। इसी तरह पूरे माह 30 अप्रैल तक मंत्री व पार्टी पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता संवाद के लिए उपलब्ध रहेंगे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement