मेनू

झारखंड में जिस महिला की हत्या की FIR, वो बदहवास हालत में जिंदा थाने पहुंची

अपडेट Jun 08, 2023 06:42 pm IST
देवघर: झारखंड के देवघर में एक महिला शोभा देवी की हत्या की एफआईआर दर्ज कराई गई। लेकिन FIR के 48 घंटे के बाद वह खुद ही पुलिस थाने में पहुंच गई, वो भी जिंदा। एफआईआर शोभा देवी के पिता ने दर्ज कराई थी और इसमें अपने दामाद को आरोपी बनाया था। इधर पुलिस थाने में हाजिर हुई शोभा देवी के मुताबिक उसे उसके पति ने एक व्यक्ति के पास बेच डाला था, जिसकी चंगुल से वह किसी तरह निकल भागने में सफल रही। मामला देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र का है। शोभा की शादी कुछ साल पहले जयंतीग्राम निवासी विक्की दास के साथ हुई थी।

शादी के बाद से ही पांच लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर शोभा प्रताड़ित किया जा रहा था। एक माह पहले उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उसे प्रताड़ित करने का सिलसिला और तेज हो गया। शोभा के पिता बहादुर दास के मुताबिक बीते 31 मई को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर लाश को ठिकाने लगा दिया गया है। उन्होंने शोभा के ससुराल वालों से बेटी के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं मिला। अंतत: उन्होंने 3 जून को उसकी हत्या की एफआईआर कराई। इधर बुधवार को शोभा देवी देवघर टाउन थाने में बदहवास हाल में पहुंची। उसने बताया कि उसके पति ने उसे एक व्यक्ति के पास बेच डाला था, जहां से वह किसी तरह भाग निकली। शोभा की हालत ऐसी है कि वह ठीक से बोल तक नहीं पा रही। उसे तीन दिनों से खाना तक नहीं मिला था। बहरहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement