मेनू

वॉशिंगटन में दिखी भारत की ताकत, पीएम मोदी का भव्य स्वागत, अब व्हाइट हाउस में बाइडन करेंगे अगवानी

अपडेट Jun 22, 2023 07:12 pm IST
वॉशिंगटन: प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क से वॉशिंगटन पहुंच चुके हैं। वाशिंगटन डीसी के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इस दौरान भारत और अमेरिका के राष्ट्रगान की धुन भी बजाई गई। एयरपोर्ट के बाहर हजारों की तादाद में भारतीय समुदाय के लोग भी जमा हैं, जो तरह-तरह के गीत और डांस के जरिए पीएम मोदी का स्वागत कर रहे हैं। वह वॉशिंगटन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। मोदी न्यूयॉर्क से वॉशिंगटन पहुंचे, जहां उन्होंने नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिन की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया।


वॉशिंगटन में पीएम मोदी का कार्यक्रम जान लीजिए

वॉशिंगटन में दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू की बैकग्राउंड ब्रीफिंग में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। इसके अलावा मोदी फ्रीडम प्लाजा में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी वॉशिंगटन में नेशनल साइंस फाउंडेशन में भविष्य के लिए कौशल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन के साथ नेशनल साइंस फाउंडेशन का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री इसके बाद कारोबारी बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसमें अमेरिका के बड़ी-बड़ी कंपनियों के कई सीईओ और मालिक भी शामिल होंगे।

व्हाइट हाउस में होगा भव्य स्वागत


अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे। मोदी व्हाइट हाउस में निजी मुलाकातों में शरीक होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन व्हाइट हाउस में मोदी के लिए एक रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

बाइडन से मिलने से पहले क्या बोले पीएम मोदी


प्रधानमंत्री ने कहा कि सितंबर 2021 में उनकी अमेरिका की पिछली यात्रा के बाद से उन्हें और राष्ट्रपति बाइडन को कई बार मिलने का अवसर मिला है। मोदी ने कहा कि यह यात्रा हमारी साझेदारी की गहराई एवं विविधता को समृद्ध करने का एक अवसर होगी। पीएम मोदी ने अपनी यात्रा से पहले जारी एक बयान में कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन की तरफ से राजकीय यात्रा के लिए यह विशेष निमंत्रण दर्शाता है कि दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच साझेदारी कितनी अहम एवं मजबूत है।

भारत-अमेरिका संबंधों में आएगी तेजी


मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी नेताओं के साथ उनकी बातचीत द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ जी-20, क्वाड और आईपीईएफ (समृद्धि के लिए हिंद-प्रशांत आर्थिक ढांचा) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी संसद ने भारत और अमेरिका के संबंधों को हमेशा मजबूत द्विदलीय समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि वह इस यात्रा के दौरान सांसदों के निमंत्रण पर अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement