भिलाई। राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का भिलाई-चरोदा निगम कार्यालय में बुधवार जनवरी को भव्य स्वागत किया गया। अगवानी करने पहुंचे बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता के साथ भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर तथा निगम में नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा ने प्रवेश द्वार पर फूल माला एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर विधायक कोर्सेवाड़ा का स्वागत किया। इसके उपरांत सभागार में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का स्वागत-सम्मान कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। जिसमें पक्ष एवं विपक्ष के सभी पार्षदों द्वारा माला पहनाकर तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर श्री कोर्सेवाड़ा का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर ने विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के सहज और सरल व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए दलगत राजनीति से उपर उनके सहयोगात्मक व्यवहार के विषय में सभी उपस्थित जनों को अवगत कराया। महापौर निर्मल कोसरे ने अपने उद्बोधन में विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के समक्ष निगम भिलाई-चरोदा द्वारा विकास कार्यों के भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी रखते हुए उन्हे शीघ्रता पूर्वक पूर्ण कराने का आग्रह किया। विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी ने जो स्नेह और सम्मान मुझे इस स्वागत कार्यक्रम में दिया उसके लिए मैं हृदय से आप सभी को धन्यवाद देता हूं साथ ही भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र के विकास संबंधी जो भी प्रस्ताव मेरे समक्ष आएंगे उनकी पूर्णता हेतु सदैव प्रयास करने का आप सबको विश्वास दिलाता हूं। कार्यक्रम के दौरान श्री कोर्सेवाड़ा ने कहा कि मुझे यह ज्ञात है कि आज हम जिस कार्यालय में उपस्थित हैं वह वस्तुत: मंगल भवन है। भिलाई-चरोदा निगम कार्यालय के लिए नये भवन के प्रस्ताव तैयार करने उनके द्वारा अधिकारियों को निर्देश भी प्रदान किये गये।
कार्यक्रम को निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने भी संबोधित किया तथा आज के कार्यक्रम में सभी वार्ड पार्षद एवं बडी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं निगम के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।