रायपुर । वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छग व सर्व युवा ब्राह्मण परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस का आयोजन 14 जनवरी को वृन्दावन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में आचार्य चाणक्य के जीवन एवं सिद्धान्तों पर व्याख्यान, विप्र विधायक सम्मान एवं धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि सुभाष तिवारी व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों द्वारा माता सरस्वती को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि पुरन्दर मिश्रा, विधायक रायपुर उत्तर एवंं अनुज शर्मा, विधायक धरसींवा थे।
अतिथियो का मंच पर स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा एवं महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन की वर्ष भर की गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यो से अतिथियों व सभा को अवगत कराया।
प्रांतीय महासचिव अजय अवस्थी ने आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस की पृष्ठभूमि, ब्राह्मण समाज की वर्तमान भूमिका पर अपने विचार रखते हुए सम्पूर्ण विषय से अवगत कराया। कार्यक्रम में आमंत्रित विद्वान वक्तगण महेशचन्द्र शर्मा, वरिष्ठ शिक्षाविद व साहित्यकार एवं शशांक शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व संचालक हिन्दी ग्रन्थ अकादमी ने अपने विस्तृत व्याख्यान में आचार्य चाणक्य के जीवन व नीतियो पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज का प्रेरणास्रोत बताया तथा उनकी नीतियो से समाज किस तरह एकता व सामाजिक समरसता के साथ रह सकता है इस पर विचार दिये।