मेनू

आईटीबी बर्लिन में मध्यप्रदेश टूरिज्म की जेन्डर इक्वालिटी परियोजना की हुई प्रशंसा

अपडेट Mar 11, 2023 09:45 pm IST

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने मेसे बर्लिन, जर्मनी में 7 से 9 मार्च 2023 तक आईटीबी (Internationale Tourismus Börse) बर्लिन के 57 वें संस्करण में एक्जीबिटिंग पार्टनर के तौर पर भाग लिया। आईटीबी में, मध्यप्रदेश पर्यटन ने अपनी विविध पर्यटन क्षमताओं से सभी को अवगत कराया, जिसमें पर्यटन गंतव्यों के साथ ही वेलनेस, आध्यात्म, ग्रामीण और कृषि पर्यटन परियोजनाएँ शामिल थीं। बर्लिन में मध्यप्रदेश टूरिज्म के ‘जेन्डर इक्वालिटी’ परियोजना के कार्यो को "अत्यधिक प्रशंसित" श्रेणी में उल्लेखित किया गया।

अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड श्री विवेक श्रोत्रिय ने बर्लिन में मध्यप्रदेश पर्यटन का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने बताया कि सचिव पर्यटन भारत सरकार श्री अरविंद सिंह और जर्मनी में भारत के राजदूत श्री पी. हरीश ने प्रचार और विपणन में मध्यप्रदेश पर्यटन के प्रयासों की सराहना की है। मध्यप्रदेश टूरिज्म ने आईटीबी में 35 से अधिक बैठकें की, जिनमें भारत में इनबाउंड पर्यटन व्यवसाय लाने वाली जर्मन और यूरोपीय कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण व्यापार बैठकें शामिल थीं। विदेशी विपणन और यूरोप से पर्यटकों को मध्यप्रदेश में आकर्षित करने के उद्देश्य से टूरिज्म बोर्ड कई वर्षों से आईटीबी प्रदर्शनी में भागीदारी करता आ रहा है। 

 उल्लेखनीय है कि पर्यटन के नकारात्मक आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभाव को कम करने एवं स्थानीय लोगों की भागीदारी के माध्यम से पर्यटकों के लिए सुखद अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य ने रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन को अपनाया है। ग्रामीण पर्यटन इस मिशन में प्रमुख परियोजनाओं में से एक है और इसे प्रदेश के 100 गाँव में लागू किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य के 6 सांस्कृतिक क्षेत्रों (बुंदेलखंड, बघेलखंड, महाकौशल, निमाड़, चंबल और मालवा) की विशिष्टता को चित्रित कर स्थानीय समुदाय के सहयोग से पर्यटन का विकास करना है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement