मेनू

अजूबों से भरा मंगल! NASA के रोवर को लाल ग्रह पर दिखा पत्थर का विशालकाय 'डोनट', धरती पर चौंके वैज्ञानिक

अपडेट Jun 29, 2023 07:11 pm IST
वॉशिंगटन : मंगल ग्रह पर उतरने के बाद से नासा का परसेवरेंस रोवर (Perseverance Rover) वैज्ञानिकों को अद्भुत तस्वीरें भेज रहा है जिनकी मदद से लाल ग्रह के बारे में कई अहम जानकारियां मिल रही हैं। अब इस रोबोट ने मंगल ग्रह से एक अजीबोगरीब चट्टान को फोटो धरती पर भेजी है। इस चट्टान का आकार डोनट जैसा है जिसके बीच में एक छेद है। इसे एक दुर्घटनाग्रस्त उल्कापिंड माना जा रहा है। यह कई पत्थरों से घिरा नजर आ रहा है। रोवर के रिमोट-सेंसिंग कैमरे ने इसकी तस्वीर खींची है।


कैलिफ़ोर्निया स्थित SETI इंस्टीट्यूट ने सोमवार को ट्वीट किया, 'नासा परसेवरेंस ने 23 जून 2023 को सुपरकैम रिमोट माइक्रो-इमेजर का इस्तेमाल करके दूर से डोनट के आकार की एक चट्टान की तस्वीर ली, जो छोटे टुकड़ों के बीच एक बड़ा उल्कापिंड हो सकता है।' नासा का रोवर पहले भी मंगल ग्रह पर इसी तरह की चट्टानें खोज चुका है। इस साल की शुरुआत में नासा ने एक अजीबोगरीब संरचना की पहचान की थी जिसे देखकर भालू के चेहरे की याद आ रही थी।

मंगल पर दिखा था 'एलियन का दरवाजा'

फरवरी में क्यूरियोसिटी रोवर ने लाल ग्रह पर एक अजीब चमकदार धातु की चट्टान का पता लगाया था जो लोहे और निकल से बने एक उल्कापिंड जैसा प्रतीत हो रहा था। इससे पहले क्यूरियोसिटी ने एक और अजीब चट्टान को देखा था जिसे 'एलियन का दरवाजा' कहा जा रहा था। यह संभवतः मंगल पर भूकंपीय गतिविधियों के कारण बनी थी। मई में, नासा के क्यूरियोसिटी रोवर को लाल ग्रह पर अपने 3,800वें दिन एक चट्टान मिली थी जो एक किताब की तरह दिखती थी।

मंगल पर क्यों अजीबोगरीब चट्टानें?

किताब जैसी इस चट्टान को 'Terra Firme' नाम दिया गया था। नासा के अधिकारियों के अनुसार, मंगल की चट्टानों का इस तरह का अजीब आकार आमतौर पर अरबों साल पहले क्षेत्र में पानी के रिसाव के कारण होता है, जब लाल ग्रह पर बहुत अधिक पानी थी। नासा का क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 से मंगल ग्रह के गेल क्रेटर की खोज कर रहा है। वहीं परसेवरेंस रोवर जेजेरो क्रेटर में अपना काम जारी रखे है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement