मेनू

पहाड़ों पर बर्फबारी होने से अभी हल्की ठंडक

अपडेट Feb 09, 2023 09:57 pm IST

मध्यप्रदेश में हवाओं का रुख बदलने से दिन में हल्की ठंडक है। कई शहरों में दिन का तापमान 4 डिग्री तक लुढ़क गया है। बुधवार रात प्रदेश के 15 जिलों में रात का तापमान 10 से कम रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम न्यूनतम पारा पचमढ़ी में 4 डिग्री दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा नरसिंहपुर में 15 डिग्री रहा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में इसी तरह दिन-रात का पारा ऊपर-नीचे होता रहेगा। हालांकि, कड़ाके की ठंड नहीं रहेगी। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण ठंडक बढ़ी है। गुरुवार को देश के उत्तरी हिस्से में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। अगले 3 दिन तापमान में मामूली इजाफा होगा। जब यह वेस्टर्न डिस्टरबेंस वहां से क्रॉस हो जाएगा, तब हमारे यहां ठंडक और बढ़ेगी।

पारे में बढ़ोतरी का ट्रेंड आएगा
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि अब पारे में बढ़ोतरी का ट्रेंड रहेगा। अभी हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी है। इस कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन दक्षिण-पूर्वी हवा चलने से फिर से पारा बढ़ेगा।

इस वजह से मौसम हो रहा चेंज
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी के आखिरी हफ्ते से मप्र में गर्मी दस्तक दे सकती है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लू चलने के हालात बन जाएंगे। आमतौर पर मप्र में तेज गर्मी 15 मार्च से शुरू होती है, जो 10 जून तक चलती है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं। मार्च में सूर्य भूमध्य रेखा के करीब पहुंच जाता है, इससे दक्षिण भारत तपने लगता है। अप्रैल में सूर्य की स्थिति बदलने के बाद ही मप्र के दक्षिणी हिस्सों से तेज गर्मी की शुरुआत होती है, जो मई मध्य तक पूरे प्रदेश को कवर कर लेती है। जून के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की स्थिति बदलने पर मौसम भी बदलने लगता है, लेकिन इस बार गर्मी का दौर लंबा चलने के संकेत हैं।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement