मेनू

अगले हफ्ते कांग्रेस जिलाध्यक्षों की "अग्निपरीक्षा":15 अप्रैल से चार दिन तक हरीश चौधरी करेंगे परफॉरमेंस रिव्यू

अपडेट Apr 10, 2026 12:00 pm IST
भोपाल, मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त 71 जिलाध्यक्षों की अगले हफ्ते अग्निपरीक्षा होने जा रही है। दो चरणों में उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी। कमजोर प्रदर्शन वाले जिलाध्यक्षों पर कार्रवाई, यहां तक कि हटाने तक का फैसला लिया जा सकता है।

दिल्ली से वामसी रेड्डी भी आएंगे

एमपी कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले के मुताबिक, जिलाध्यक्षों का दो माह के अंतराल में पहले दो-दो बार रिव्यू हो चुका है। इस बार की समीक्षा अहम मानी जा रही है। दिल्ली से वामसी रेड्डी भी भोपाल आकर पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे।

15 से 18 अप्रैल तक संभागवार समीक्षा

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी 15 से 18 अप्रैल तक चार दिनों तक संभागवार समीक्षा करेंगे। पीसीसी में जिलाध्यक्षों को बुलाकर संगठन निर्माण, कामकाज, चुनौतियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। इतने समय में संगठन निर्माण में क्या काम किया है, किस तरह से संगठन का गठन हुआ है, क्या चुनौतियां हैं और आगे किस तरीके से काम करना है इन सब पर चर्चा होगी।

16 अप्रैल को शिवराज के घर के सामने धरना

16 अप्रैल को कांग्रेस, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास के सामने धरना देगी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में किसानों से जुड़े मुद्दे, खासकर गेहूं खरीदी में देरी और वादाखिलाफी को उठाया जाएगा।

17 अप्रैल को ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मेलन

17 अप्रैल को नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें उनकी जिम्मेदारियों के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति बताई जाएगी। साथ ही जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों का प्रशिक्षण भी होगा।

21 हजार पंचायत कमेटियां बन चुकीं

अगला सप्ताह कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस संगठन का ढांचा लगभग तैयार हो चुका है। पार्टी के मुताबिक 23 हजार में से 21 हजार पंचायत कमेटियों का गठन हो चुका है। इन सब को लेकर कैसे आगे जाएं और ब्लॉक लेवल पर कैसे व क्या कार्यक्रम करें इसे लेकर रणनीति बनाई जाएगी।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement