मेनू

पचमढ़ी, रीवा-मलांजखंड सबसे ठंडे; 19 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

अपडेट Feb 14, 2023 07:48 pm IST

उत्तरी भारत में बर्फबारी होने की वजह से मौसम में ठंडक घुल गई है। मध्यप्रदेश के कई शहरों में हल्की सर्दी का असर है। पचमढ़ी, मलांजखंड, उमरिया सबसे ठंडे हैं। यहां पारा 6 डिग्री के नीचे आ गया है। वहीं, प्रदेश के 19 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। महाशिवरात्रि तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है, क्योंकि 15 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोप एक्टिव हो रहा है। जिसका असर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, मलांजखंड में तापमान 5.5 डिग्री, रीवा में 6, उमरिया में 6.4, पचमढ़ी में 6.6 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, राजगढ़, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, रीवा, नौगांव, सतना में भी तापमान 10 डिग्री से कम रहा।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दो दिन तक पारे में गिरावट होगी। इससे दिन और रात दोनों ही पारे कम हो जाएंगे। 18 फरवरी तक हल्की ठंड रहेगी। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी।

दो से तीन डिग्री लुढ़का पारा
पिछले दो दिन की बात करें तो तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आई है। पचमढ़ी में दिन का पारा 23 डिग्री और रात का तापमान 8 डिग्री के आसपास चल रहा है। भोपाल, रायसेन, जबलपुर, नौगांव, रीवा, सतना, उमरिया में भी दिन के तापमान में गिरावट आई है। वहीं, छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नौगांव, रीवा, सागर, उमरिया, बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है।

फरवरी के दूसरे पखवाड़े में गर्मी शुरू
पिछले 10 साल में भोपाल में फरवरी में 2016, 2018, 2019 और 2021 में खूब गर्मी पड़ी। यहां फरवरी के दूसरे पखवाड़े के बाद से ही हल्की गर्मी की शुरुआत होती है। महीने का आखिरी हफ्ता सबसे ज्यादा तपता है। ट्रेंड के मुताबिक महीनेभर में दिन का सबसे ज्यादा तापमान आखिरी हफ्ते में ही रिकॉर्ड किया गया है। इस साल 10 फरवरी को पारा 33 डिग्री के पार पहुंच गया था।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement