मेनू

कड़ाके की ठंड में सड़क पर पॉलीथिन ओढ़ कर सो रहे लोग, जबलपुर नगर निगम की लापरवाही से बदतर हुए हालात

अपडेट Dec 22, 2023 01:16 pm IST
जबलपुरः प्रदेश सहित मध्यप्रदेश के कई जिले भीषण ठण्ड की चपेट में है। शरीर को कंपकपा देने वाली इस ठण्ड में लोग अपने अपने घरो में दुबके नजर आ रहे हैं। जबकि धार्मिक स्थलों के पास खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगो ने ठंड से बचने के उपाय खोज निकाले है। नर्मदा नदी के तिलवारा घाट और ग्वारीघाट में रात के समय खुले आसमान के नीचे सोते इन लोगों ने ठण्ड से बचने के लिए अपने शरीर पर पॉलीथिन ओढ़कर और सर पर छतरी लगा रखी है।

गरीबों की ऐसी हालत देखकर क्षेत्र के पार्षद जीतू कतरे नगर निगम पर बिफर पड़े और कई आरोप लगाए। पार्षद ने कहा कि इतनी भीषण ठण्ड में लोग खुले में सोने को मजबूर है। निगम की तरफ से ऐसे लोगों के लिए किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई है। जीतू कटारे का ये भी कहना है कि नगर निगम अधिकारियों को न तो भगवान खौफ है न ही किसी बात का भय।

प्रदर्शन करने के बाद भी नहीं दे रहे ध्यान

पार्षद ने कहा कि आंदोलन करने के साथ लेटर देने के बाद भी यह नही चेत रहे हैं। सभी अपने घरों में सुकून से हैं। ऑफिस में हीटर लगे हुए हैं और जरूरतमंद लालायित नजरों से इंतजार कर रहे हैं। दूसरी और जबलपुर महापौर जगत बहादुर 'अन्नू' सिंह को जब इस बात की जानकारी लगी की भीषण ठण्ड में गरीब खुले आसमान के नीचे सो रहे हैं। अन्नू सिंह अपने लस्कर को लेकर शहर के ख़ास स्थानों पर घूमे और खुले में सोने वाले लोगो को रेन बसेरा में भिजवाया। हालांकि लोग रेन बसेरा में जाने को तैयार नहीं थे उन्हें बड़ी मिन्नतों के बाद रेन बसेरा में भेजा गया।

महापौर ने किया बड़ा खुलासा

महापौर जगत बहादुर अन्नू सिंह ने बताया की जब लोगों को जानकारी लगती थी की नगर निगम का अमला उन्हें रेन बसेरा में ले जाने को आया है तो वो मौके से भागने भी लगे। उन्हें भी बड़ी ही मिन्नतों के बाद समझा बुझाकर रेन बसेरा भेजा गया। जबलपुर में ठण्ड का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मौसम कार्यालय जबलपुर ने बताया की 21 दिसंबर की रात का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो की सामान्य से -3 डिग्री कम है। मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की सम्भावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 2-3 किलोमीटर की रफ़्तार से चल रही है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement