मेनू

पुलिस-होमगार्ड कर्मियों को मिले पदक; जेलों से रिहा हुए बंदियों के चेहरे खिले

अपडेट Aug 17, 2026 04:39 pm IST

भोपाल । मध्य प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम राजधानी भोपाल स्थित लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित हुआ, मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

कार्यक्रम में सीआईएसएफ के अलावा मप्र पुलिस, एसएएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, होमगार्ड और एनसीसी के दल के जवानों ने सलामी दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश देकर राज्य की प्रगति और विकास कार्यों का ब्योरा दिया।
भोपाल के नगर निगम मुख्यालय (अटल भवन) में पहली बार ध्वजारोहण हुआ। इसके अलावा कलेक्ट्रेट में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, कमिश्नर कार्यालय में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, मप्र विद्युत वितरण कंपनी मुख्यालय में एमडी ऋषि गर्ग और पर्यटन भवन में एमडी दिलीप कुमार यादव ने तिरंगा फहराया।
सभी जिला मुख्यालयों पर भी आकर्षक परेड, सांस्कृतिक आयोजन और विकास पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।

47 अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान

समारोह का मुख्य आकर्षण पदक अलंकरण रहा। मुख्यमंत्री डा. यादव ने दो सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक प्रदान किए। साथ ही पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति के नौ विशिष्ट सेवा पदक व 33 सराहनीय सेवा पदक देकर सम्मानित किया।
होमगार्ड के तीन अधिकारी-कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किए गए।

अच्छे आचरण पर 115 बंदी रिहा

जेल विभाग की समय पूर्व रिहाई नीति 2025 के तहत स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश की विभिन्न जेलों से 115 बंदियों जिनमें 110 पुरुष व 5 महिला को समय पूर्व रिहा किया गया। यह राहत जेल में उनके अच्छे आचरण और अनुशासन को देखते हुए दी गई।
प्रदेश की विभिन्न जेलों जिसमें जबलपुर सर्किल से 18, भोपाल सर्किल से 15, रीवा सर्किल से 15, सतना सर्किल से 11, इंदौर सर्किल से 12, उज्जैन सर्किल से 12, सागर सर्किल से 8, नर्मदापुरम सर्किल से 7, बड़वानी सर्किल से 7, ग्वालियर सर्किल से 6 और नरसिंहपुर सर्किल से 4 बंदियों को रिहा किया गया।

आबकारी ने मारा छापा, तीन पेटी शराब जब्त

स्वतंत्रता दिवस पर शराब दुकानें बंद रही। बावजूद कुछ जगहों पर शराब बेचे जाने की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग की टीमों ने छापा मार कार्रवाई की।
मालवीय नगर की दुकान से तीन पेटी शराब जब्त की गई । सहायक आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने आठ टीमें बनाईं और कार्रवाई के लिए भेजा। इस दौरान मोबाइल पर वीडियो बनाए और फिर कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की मनीष द्विवेदी के नेतृत्व वाली टीम ने मालवीय नगर में कार्रवाई करते हुए मौके से तीन पेटी शराब जब्त की। यहां से शैलेष सिंह नाम के एक युवक को भी पकड़ा, जो शराब बेच रहा था।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement