मेनू

प्रदेश में फिर से डीजी के दो अस्थाई पद बढ़ाए जाने की तैयारी

अपडेट Nov 13, 2022 06:24 pm IST

प्रदेश में फिर से डीजी के दो अस्थाई पद बढ़ाए जाने की तैयारी हो गई है। जल्द ही शिवराज कैबिनेट में इस प्रस्ताव को रखे जाने की औपचारिकताएं पूरी की जाएगी। कैबिनेट से मंजूरी के बाद दो साल के लिए डीजी के दो पद बढ़ सकते हैं। प्रदेश में अभी डीजी के पांच पद कॉडर के हैं और पांच पद एक्स कॉडर के हैं। इन पदों पर दस अफसर पदस्थ हैं। सूत्रों की मानी जाए तो लंबे अरसे से डीजी के दो अस्थाई पदों का प्रस्ताव लंबित पड़ा हुआ था। यह प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय से गृह विभाग को गया था। इन पदों के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। इसके बाद अब जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए कैबिनेट में रखा जा सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि नवम्बर में ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाएगा।

यदि प्रस्ताव मंजूर हुआ तो वर्ष 1989 बैच के आईपीएस अफसर एवं परिवहन आयुक्त संजय झा और एडीजी सीआईडी जीपी सिंह को इसी साल डीजी के पद पर पदोन्नति मिल जाएगी। इनके बाद के इसी बैच के अफसरों को डीजी बनने के लिए एक मार्च तक इंतजार करना पड़ सकता है। फरवरी में स्पेशल डीजी अभियोजन अंवेष मंगलम के रिटायर होने के बाद मार्च में एडीजी राजेश चावला डीजी के पद पर पदोन्नत हो जाएंगे। इनके बाद डीजी जेल पवन जैन और स्पेशल डीजी मुकेश जैन जुलाई 2023 में रिटायर होंगे, तब सुषमा सिंह और डॉ. एसडब्ल्यू नकबी डीजी के पद पर पदोन्नत हो सकते हैं। नकबी एक महीने के लिए स्पेशल डीजी बन सकते हैं। वे अगस्त 2023 में रिटायर होंगे। नकबी वर्ष 1990 बैच के आईपीएस अफसर हैं।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement