मेनू

बृजभूषण को जेल पहुंचाने तक नहीं रुकेगी जंग... खेल मंत्री से मिलने के बाद बोलीं Vinesh Phogat

अपडेट Jan 20, 2023 07:34 pm IST
नई दिल्ली: देश के स्टार पहलवानों की कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंग जारी है। लगातार दो दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर मोर्चा संभालने वाले पहलवानों ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। देर रात तक चली बातचीत के बाद भी मामले का हल नहीं निकला। इसके बाद सम्मानित फोगाट फैमिली की बेटी विनेश ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सिंह के खिलाफ उनकी जंग तब तक नहीं रुकेगी, जब तक जेल नहीं हो जाती।
विनेश फोगाट ने कहा- पहले दिन हमारे साथ यौन शोषण का शिकार हुईं एक-दो पहलवान थीं। इसके बाद संख्या 5-6 तक पहुंची है। हम उनका नाम नहीं बताएंगे। लेकिन अगर जरूरत हुई तो उनके नाम उजागर किए जाएंगे और यह देश के इतिहास का सबसे काला दिन होगा। कम से कम 5-6 महिला पहलवान बृजभूषण के खिलाफ FIR दर्ज कराएंगी।

उन्होंने आखिरी दम तक जंग लड़ने का ऐलान करते हुए कहा- यौन शोषण का जड़ फेडरेशन के अंदर तक है। नेशनल कैंप में भी यह होता रहा है। जरूरी है कि सिंह और उनके लोगों को फेडरेशन से निकाला जाए। हमारी जंग तब तक जारी रहेगी, जब तक बृजभूषण सिंह को जेल नहीं हो जाती। हमने लीगल एक्शन नहीं लिया, क्योंकि हमें न्याय की उम्मीद है। हम ओलिंपिक और वर्ल्ड मेडलिस्ट पहलवान हैं न कि संदिग्ध हैं।
उल्लेखनीय है कि विनेश ने रोते हुए बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों का यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि होटल से लेकर नेशनल कैंप तक लगभग 20 पहलवानों का यौन शोषण किया गया। सभी ने उनसे अपनी व्यथा सबके सामने लाने की गुजारिश की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि इस बारे में तोक्यो ओलिंपिक के बाद हुई मुलाकात के दौरान पीएम मोदी से भी बात की थी।

दूसरी ओर, अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि अगर ये आरोप सही साबित हुए तो मैं फांसी पर भी झूलने को तैयार हूं। हालांकि, लेटेस्ट अपडेट यह है कि बृजभूषण आज गोंडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि वह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement