मेनू

न गाय है न चारा है, भ्रष्टाचार का ठिकाना है : गोमती साय

अपडेट May 22, 2023 10:39 pm IST
रायगढ़ । विधान सभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश में गोठान को लेकर राजनीति तेज हो गई है। एक ओर सत्तारूढ़ कांग्रेस नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी योजना को अपनी उपलब्धि बता रही है, वहीं भाजपा ने गोठान के आड़ में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोलने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को रायगढ़ लोक सभा क्षेत्र की सांसद गोमती साय के नेतृत्व में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाधरकोना गोठान पहुंचे।

यहां की हालत देख कर सांसद ने कहा कांग्रेस सरकार का दावा कितना खोखला है, इसका अंदाजा जिला प्रशासन के नाक के नीचे स्थित गौठान की बदहाली को देख कर लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गोठान को सरकार अपनी उपलब्धि बता रही है, वहां एक भी गाय नहीं है। चारा के नाम पर कुछ भी नहीं है। पानी के लिए जो हैण्ड पंप खोदा गया है, उसमे पानी ही नहीं है। गाय को चारा और पानी देने के लिए जो टंकी बनाये गए हैं, तो बिना किसी उपयोग के टूट चुके हैं। इस दौरान सांसद गोमती साय और जिला पंचायत की अध्यक्ष रायमुनी भगत ने स्थानीय रहवासियों से भी गौठान के संबंध में चर्चा की।

ग्रामीणों ने बताया कि गोठान में आज तक उन्होंने गाय नहीं देखा है। मल्टी एक्टिविटी से अनजान ग्रामीणों ने स्वसहायता समूह के माध्यम से होने वाले आय प्राप्त होने से साफ़ इंकार किया। सांसद गोमती साय ने कहा कि गोठान के नाम पर भूपेश बघेल सरकार ने केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का खुल कर दुरूपयोग किया है। पूरे प्रदेश में अरबों रूपये सरकार फूँक चुकी है। इस राशि का उपयोग जनता को रोजगार देने और बुनियादी ढांचा विकसित करने में किया जाता तो, छत्तीसगढ़ की तस्वीर आज दूसरी होती। इस दौरान भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री राम प्रताप सिंह, रायगढ़ लोकसभा प्रभारी कृष्णकुमार राय, सांसद गोमती साय, जनपद उपाध्यक्ष राज कपूर भगत, पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा प्रधान, शहर मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, मुन्नी गुप्ता सहित भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement