20 मिनट बाद बड़े अफसरों को बताने पर हुआ एक्शन?
गत 3 नवंबर को मेनका गांधी की संस्था पीपल्स फॉर एनिमल ने नोएडा के फार्म हाउस में होने वाली रेव पार्टियों में सांप के जहर का प्रयोग होने की शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को पकड़ा था। उनके पास से नौ जहरीले सांप और 20 मिलीमीटर सांप का जहर बरादम हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही पुलिस का बयान आया था कि एल्विश यादव की तलाश में तीन पुलिस टीमें तीन राज्यों में घूम रही हैं। 4 नवंबर की शाम राजस्थान के कोटा से खबर आई कि पुलिस ने एल्विश यादव के काफिले को रोक लिया है। बताया गया कि कोटा पुलिस ने नोएडा सेक्टर 49 कोतवाली के प्रभारी को फोन कर इस बारे में सूचना दी। यहां से बताया गया कि एल्विश यादव पर मुकदमा तो दर्ज है पर वह वांछित नहीं है। इसके बाद कोटा पुलिस ने एल्विश को छोड़ दिया। चर्चा है कि कोटा से फोन आने के करीब 20 मिनट बाद कोतवाली प्रभारी संदीप चौधरी ने बड़े अफसरों को इस बारे में बताया। इसके बाद उनके खिलाफ एक्शन लिया गया।