मेनू

निज्जर हत्या के बारे में हमने पहले बता दिया था... 41 राजनयिकों के हटते ही छटपटाया कनाडा, विदेश मंत्री ने अब ये कहा

अपडेट Oct 20, 2023 02:16 pm IST
ओटावा: कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने गुरुवार को खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कनाडा की संसद में पीएम जस्टिन ट्रूडो के बयान से पहले ही उनके देश ने भारत सरकार के साथ बातचीत की थी। इसके साथ उन्होंने कहा कि इस बारे में भारतीय अधिकारियों को 'विश्वसनीय आरोपों' से अवगत करा दिया गया था। गुरुवार को राजधानी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भारत की ओर से 41 राजनयिकों की डिप्लोमैटिक इम्युनिटी हटाने के फैसले को अभूतपूर्व बताया।

यह पूछे जाने पर कि क्या कनाडा ने भारत को अपने दावे से जुड़े सबूत दिखाए हैं? इस पर जोली ने कहा, 'प्रधानमंत्री के सदन के सामने निज्जर की हत्या से जुड़ा बयान देने से पहले भारत के साथ कई बार बातचीत की गई है। भारत के लिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं थी और इन कई बातचीतों के जरिए भारतीय अधिकारियों को इन आरोपों से अवगत कराया गया।' जोली ने कहा, 'और इसलिए इनके आधार पर भारत ने अपने फैसले लेने का निर्णय किया है, जो नई मिसाल कायम कर रही है।'

भारत ने हटाई थी डिप्लोमैटिक इम्युनिटी

उन्होंने कहा, 'राजनयिक छूट को रद्द करना न केवल अभूतपूर्व है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ भी है। उन्होंने इस फैसले से दुनिया भर के कई देशों, विभिन्न राजनयिकों को खतरे में डाल दिया है। हमने जवाबी कार्रवाई का फैसला नहीं किया है।' मेलानी ने गुरुवार को बताया कि कनाडा ने अपने 41 राजनयिकों और उनके परिजनों को भारत से वापस निकाल लिया है। उन्होंने कहा, 'फिलहाल मैं पुष्टी कर सकती हूं कि भारत ने 20 अक्टूबर तक नई दिल्ली में 21 कनाडाई राजनयिकों को छोड़कर सभी की डिप्लोमैटिक इम्युनिटी हटाने की योजना के बारे में औपचारिक रूप से बता दिया है।'

41 राजनयिकों को वापस बुलाया

उन्होंने इसे एक अनैतिक फैसला बताया और कहा कि भारत के इस कदम से 41 कनाडाई राजनयिकों और उनके 42 आश्रितों पर खतरा मंडरा रहा था। उन्होंने सभी कनाडाई राजनयिकों के बाहर निकलने की पुष्टि की। कनाडा ने आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने का आरोप लगाया था। इसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा था। दोनों देश एक दूसरे के राजनयिकों को बर्खास्त भी कर चुके थे।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement