मेनू

देश के कई राज्यों में बिन मौसम बरसात क्यों? दिल्ली-NCR में कब तक होगी बारिश

अपडेट Mar 31, 2023 06:08 pm IST
नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम का मिजाज (Weather Change) बदला हुआ है। दिल्ली-NCR में गुरुवार तेज बारिश के साथ ओले पड़े। उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर बना हुआ है और इसी वजह से तेज आंधी, बारिश के साथ ओले पड़े। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के वक्त तक धूप थी और शाम होते ही मौसम अचानक बदल गया। घने बादल पूरी तरह छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। एक दिन पहले भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला था। गुरुवार हुई बारिश के बाद अचानक तापमान 33 डिग्री से सीधे 20 डिग्री पर जा पहुंचा। दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा के कई जिलों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 1 अप्रैल की दोपहर तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। गुरुवार हुई बारिश के बाद कल यानी 31 मार्च को और अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले दिनों भी राष्ट्रीय राजधानी सहित क्षेत्र के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी।आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी भारत में पर्याप्त नमी उपलब्ध है और पिछले कुछ दिनों में तापमान में भी वृद्धि हुई है। इसलिए, इस तरह की गतिविधि के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मार्च के आखिरी दिन के साथ ही 1 अप्रैल को दोपहर तक एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 17 डिग्री रहेगा। 2 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा। 2 से 4 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 31 से 32 और न्यूनतम 15 से 16 डिग्री के आसपास रहेगा।

क्या है पश्चिमी विक्षोभ, मौसम में कैसे आ रहा बदलाव
पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होना वाला तूफान है जो भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तर पश्चिमी भागों में अचानक सर्दियों में बारिश लाता है। यह बरसात मॉनसून की बरसात से अलग होती है। भारत के संबंध में ये पश्चिम दिशा से आती हैं इसलिए इसका नाम पश्चिमी विक्षोभ पड़ा है। ये अफगानिस्तान,पाकिस्तान और भारत की ओर पश्चिम से पूर्व की ओर बहती हैं। मौसम विभाग के अनुसार जब पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर जाता है तो इनकी नमी बारिश और बर्फ के रूप में बदल जाती है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement