मेनू

विवाद के बाद पत्नी गई मायके, युवक ने खाया जहर, अस्पताल में मौत

अपडेट Dec 02, 2023 12:30 pm IST
भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर में रहने वाले एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद पत्नी बेटे को लेकर मायके चली गई थी। एक दिन पहले भी थाने में दोनों की काउंसलिंग कराई गई थी। मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दंपती के बीच हुए विवाद की बातों का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट में लिखी बातों का खुलासा नहीं किया है।

घरेलू कलह से था परेशान

पुलिस के मुताबिक मनोज रघुवंशी (40) अभिनव होम्स, अयोध्या नगर में रहते थे और इंडिया पोटाश लिमिटेड कंपनी में काम करते थे। उनके पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि बड़े भाई भोपाल पुलिस में हवलदार हैं। परिवार में पत्नी के अलावा नौ साल का एक बेटा है। मनोज पहले माता-पिता और भाई के साथ रहते थे, लेकिन घरेलू कलह के चलते वह अलग रहने लगे थे।

पत्नी चली गई थी मायके

पिछले दिनों पत्नी के साथ उनका विवाद हुआ तो दोनों थाने पहुंचे, जहां उनकी काउंसलिंग कराई गई। अगले दिन पत्नी विवाद करने के बाद बच्चे को लेकर मायके चली गई। गुरुवार दोपहर मनोज घर पर अकेले थे, तभी उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। उनका एक परिचित घर पहुंचा तो उन्होंने जहर खाने की जानकारी दी। उसके बाद मनोज को इलाज के लिए हबीबगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। घरवालों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement