मुंबई के पवई स्थित IIT बॉम्बे में साहिल वाकोडे नाम के स्टूडेंट की शुक्रवार शाम मौत हो गई। मुंबई पुलिस के मुताबिक, साहिल ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या की। वह महाराष्ट्र के यवतमाल का रहने वाला था और एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था।
पुलिस ने ADR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है। साहिल के परिवार के सदस्य भी मुंबई पहुंच गए हैं। IIT बॉम्बे ने बताया कि घटना से पहले साहिल एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। उसने क्वेश्चन पेपर की तस्वीर ChatGPT पर अपलोड कर नकल करने की कोशिश की थी।
एग्जाम शाम 4 बजे खत्म होने के बाद वह हॉस्टल लौट गया, जहां शाम को वह मृत मिला। संस्थान ने बताया कि इस मामले में उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट हेड ने उससे बात कर समझाया था और भरोसा दिलाया था कि इस घटना से उसके करियर पर असर नहीं पड़ेगा।
छात्रों के प्रदर्शन के बीच मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाली गईं
घटना के बाद 400 से ज्यादा छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बाद में डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने छात्रों से मुलाकात की।
छात्रों के विरोध के बीच मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गई हैं। संस्थान ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस साल IIT बॉम्बे में सुसाइड का तीसरा मामला
पिछले 7 महीने में IIT बॉम्बे कैंपस में सुसाइड का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले इसके बाद जुलाई में नया सेमेस्टर शुरू होते ही इसी हॉस्टल में 20 साल के बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र ने जान दे दी। फरवरी में हॉस्टल-4 में सेकेंड ईयर के एक छात्र ने सुसाइड किया था।
IIT बॉम्बे में स्टूडेंट वेलनेस सेंटर मौजूद
IIT बॉम्बे में छात्रों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए स्टूडेंट वेलनेस सेंटर (SWC) मौजूद है। यहां छात्र पर्सनल काउंसलिंग और तनाव से निपटने में मदद ले सकते हैं। इसके लिए wellness@iitb.ac.in पर ईमेल या 022-2576-9070 पर फोन करके समय लिया जा सकता है।
अगर कोई छात्र बात-बात पर चिड़चिड़ा हो रहा है, पढ़ाई छोड़ रहा है, खुद को कमरे में बंद रखता है, कम खाता-सोता है या हमेशा निराशा भरी बातें करता है, तो यह भारी मानसिक तनाव की निशानी है।