मेनू

मंत्रीजी के कहने पर बनाया था 25 लाख रुपये से फुटपाथ, अधिकारियों की लापरवाही से उखड़ा

अपडेट May 30, 2023 06:53 pm IST
भोपाल चेतक ब्रिज से गौतम नगर मुख्य मार्ग होते हुए सुभाष नगर को जाने वाली सड़क के दोनों ओर चार वर्ष पहले 25 लाख रुपये की लागत से फुटपाथ बनाया था। यह काम चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के सुझावों पर किया था। फुटपाथ के दोनों ओर सुंदरीकरण के लिए जाली भी लगाई गई थीं। अब हाल ये हैं कि अधिकारियों की अनदेखी से फुटपाथ में चार से छह फीट के गड्ढे हो गए हैं। देखरेख नहीं होने से थिंक गैस कंपनी ने यहां भी खोदाई कर दी है और निर्माण सामग्री और कचरा फुटपाथ पर फेंक दिया है। अब राहगीरों के चलने की जगह नहीं बची है।

गौतम नगर में रहने वाले अविनाश मिश्रा ने बताया कि यहां बीते डेढ़ वर्ष से थिंक गैस कंपनी ने पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई की थी। इसके बाद से कंपनी ने यहां निर्माण कार्य चलने का बोर्ड लगाकर एक तरफ का रास्ता रोक दिया था। साथ ही फुटपाथ पर अन्य सामग्री डंप कर दी थी। बीते एक माह पहले ही यहां से थिंक गैस कंपनी का काम खत्म हो गया है। लेकिन कंपनी द्वारा ना तो सड़क की मरम्मत कराई गई और ना ही फुटपाथ का संधारण किया। कंपनी का सामान अब भी इस फुटपाथ पर पड़ा है जिससे रास्ता बाधित हो रहा है। मजबूरी लोगों को सड़क पर पैदल चलना पड़ रहा है। ना तो नगर निगम इसकी सुध ले रहा और ना ही थिंक गैस कंपनी से सड़क और फुटपाथ का रेस्टोरेशन करवा रहा।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement