मेनू

गौहर महल में सजी दीपोत्सव प्रदर्शनी, भोपाल हाट में खादी महोत्सव

अपडेट Nov 02, 2023 12:44 pm IST

भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 02 नवंबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

साड़ी उत्सव - संत रविदास मप्र हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से मृगनयनी कबीरा एम्पोनियम, जवाहर चौक में साड़ी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में मप्र में उत्पादित व ख्यात डिजाइनरों की साड़ियां उपलब्ध हैं। समय सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक है।

चरखा प्रदर्शनी - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में देश के विभिन्न हिस्सों से संकलित पारम्परिक चरखों पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शैलकला प्रदर्शनी भवन में भारत की सांस्कृतिक एकता और उद्यमिता का प्रतीक 'चरखा' विशेष प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।

दीपोत्सव प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम का प्रदेश स्तरीय दीपोत्सव मेला इस वर्ष 27 अक्टूबर से दस नवंबर तक गौहर महल में आयोजित किया जा रहा है। दीपोत्सव प्रदर्शनी में मप्र के ग्रामीण अंचल और शहरी क्षेत्र के 55 शिल्पकार अपनी स्वनिर्मित कलाकृतियों का प्रदर्शन सह विक्रय गौहर महल के दीवाने खास और आम में कर रहे हैं। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण दीपावली के अवसर पर ग्वालियर और धामना के दीपक हैं, जिनमें सौ से अधिक डिजाइन के दीये आए हैं। समय दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे तक है।

खादी महोत्सव - मध्य प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा भोपाल हाट परिसर, अरेरा हिल्स में खादी महोत्सव- 2023 का आयोजन किया जा रहा है। मप्र समेत 13 राज्यों के उत्पाद यहां आए हैं। यहां प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। समय दोपहर एक बजे से रात नौ बजे तक है।

पुस्तक लोकार्पण - वरिष्ठ पत्रकार और कवि पंकज पाठक के ग्रंथ— 'मदन मोहन जोशी की पत्रकारिता का सौंदर्यशास्त्र' का लोकार्पण गुरुवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, बिशनखेड़ी में आयोजित किया गया है। समय अपराह्न दो बजे से है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement