अटेंडर नहीं होने पर हमीदिया अस्पताल से बुजुर्ग मरीज को भगाया, लोगों की मदद से फिर भर्ती
अपडेट
Dec 07, 2023 12:13 pm IST
भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में अटेंडर के नहीं होने के कारण एक 65 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को परेशान होना पड़ गया। इस बुजुर्ग मरीज को अस्पताल से बाहर कर वार्डबाय द्वारा न केवल रेलवे स्टेशन छोड़ा गया, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की गई, ताकि वो हमीदिया अस्पताल उपचार कराने के लिए दूसरी बार नहीं आए। इसके बाद लोगों ने इस पूरे मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। दबाव आने के बाद बुजुर्ग को वार्ड में भर्ती किया गया।
बुजुर्ग मरीज के पैर में हो गया गैंग्रीन
समाजसेवियों ने बताया कि बुजुर्ग मरीज का नाम रघुवीर सिंह पिता कुलदीप सिंह( 65) है। वो उज्जैन के रहने वाले हैं और तीन साल से भोपाल में रह रहे हैं। कुछ माह पहले हनुमान जयंती के दिन इनको किसी गाड़ी वाले ने टक्कर मार दी थी। जिसके कारण बुजुर्ग को पैर व हाथ मे चोट लगी थी। सही उपचार नहीं हो पाने से इनके पैर मे कीड़े पड़ गए थे। पैर में गैंग्रीन हो गया था। उस समय भी हमीदिया से स्टाफ इनको सड़क पर छोड़ आया था।
अस्पताल अधीक्षक बोले, जांच कराएंगे
बुजुर्ग मरीज रघुवीर सिंह ने बताया कि हमीदिया में कार्यरत वार्डबाय ने मुझे लातों से मारा भी। तबसे दर्द से तड़प रहा हूं। मेरा इलाज हो जाए। पैर मे कीड़े बहुत तकलीफ देते हैं। इधर हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डा. आशीष गोहिया ने पूरे मामले की जांच कराने की बात की है।