मेनू

हुनर हाट का शुभारंभ आज, जनजातीय संग्रहालय में देखें चित्र प्रदर्शनी

अपडेट Oct 21, 2023 12:50 pm IST

भोपाल। शहर में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शनिवार 21 अक्टूबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार सचिन तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 42वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अक्टूबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है।

चरखा प्रदर्शनी - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में देश के विभिन्न हिस्सों से संकलित पारम्परिक चरखों पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शैलकला प्रदर्शनी भवन में भारत की सांस्कृतिक एकता और उद्यमिता का प्रतीक 'चरखा' विशेष प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।

जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी - मृगनयनी कबीरा, खादी एम्पोरियम जवाहर चौक में जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी का आयोजन मप्र हस्तशिल्प और हाथकरघा निगम की ओर से किया जा रहा है। समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से राज आठ बजे तक है।

हुनर हाट - मप्र राज्य सहकारी संघ मर्यादित, भोपाल द्वारा कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) वस्त्र मंत्रालय, नई दिल्ली के सहयोग से गांधी शिल्प बाजार (सहकारी हुनर हाट) त्रिलंगा स्थित मप्र राज्य सहकारी संघ परिसर में लगाया गया है। हाट में कारीगरों द्वारा उत्पादित वस्तुएं जैसे जरी, जूट बैग, जरी वर्क, एम्ब्राइडरी, वाल हैगिंग, चंदेरी साड़ी, माहेश्वरी साड़ी इत्यादि प्रदर्शनी एवं बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगी। मेले का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त गोंड चित्रकार दुर्गा व्याम, कार्यालय विकास आयुक्त के सहायक निदेशक अर्चित सहारे, मप्र राज्य सहकारी संघ के प्रबंध संचालक ऋतुराज रंजन, महाप्रबंधक संजय सिंह एवं समस्त हस्तशिल्प कारीगरों की उपस्थिति में होगा। मेले में संपूर्ण भारतवर्ष से भाग लेने के लिए करीब सौ शिल्पी अपनी कलात्मक वस्तुएं लेकर आए हैं। 29 अक्टूबर तक चलने वाले हुनर हाट का समय दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक है।

श्रीमद्भागवत कथा - शिव-कालका मंदिर गोविंदपुरा किरण नगर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। समय : शाम चार बजे।

वरिष्ठ विमर्श - मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की नियमित श्रृंखला वरिष्ठ विमर्श के तहत इस बार वरिष्ठजन अपने-अपने संस्मरण सुनाएंगे। कार्यक्रम शनिवार को शाम पांच बजे से हिंदी भवन में होगा। श्रृंखला के संयोजक महेश सक्सेना ने बताया कि समाज में विमर्श का वातावरण बने इसलिए समिति द्वारा महीने के तीसरे शनिवार को यह आयोजन किया जाता है।

सैन्य फिल्म प्रदर्शन - शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर शाम पांच बजे से सैन्य फिल्म 'अवर फ्रेंड इन डिस्ट्रेस' का प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन समीर दत्ता ने किया है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement