मेनू

कई मार्गो के लेफ्ट टर्न छोटे, वाहन मोड़ते समय परेशान होते हैं वाहन चालक

अपडेट Nov 14, 2023 12:51 pm IST

संत हिरदाराम नगर संत हिरदाराम नगर के अनेक मार्गो को तय योजना के अनुसार चौड़ा तो कर दिया गया लेकिन लेफ्ट टर्न पर अवैध कब्जा होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। दीपावली पर बाजार में भीड़ के बावजूद नगर निगम कब्जा नहीं हटा सका। नतीजा लोगों को लगातार तीन दिन परेशान होना पड़ा।

पिछले कुछ समय से संत कंवरराम चौराहे की ओर जाने वाले चंचल रोड के बाएं मोड़ पर कब्जा होता जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास कब्जा होने से चंचल रोड से मेन रोड आने वाले वाहन चालकों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ को भी नहीं छोड़ा है। जहां वाहन खड़े करने पर जगह है वहां भी फुटकर व्यवसाइयों ने कब्जा कर रखा है। वाहन चालक यहां दो मिनट के लिए भी वाहन खड़े नहीं हो पाते। बाएं मोड़ पर कब्जा होने से वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन नजर नहीं आते, इससे दुर्घटनाएं होने का भय बना रहता है।

सर्राफा बाजार, पीएनबी पर भी दिक्कत

भंभानी अस्पताल से सर्राफा बाजार से होकर मेन रोड जाने वाले बाएं तरफ मुड़ने पर भी फुटकर व्यवसाइयों एवं ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है। यही हाल निरंकारी मंडल रोड का है। पंजाब नेशनल बैंक रोड के आसपास तो लंबे समय से सब्जी व्यवसाइयों ने कब्जा कर रखा है। हालत इतनी खराब है किशाम के समय यहां से दोपहिया वाहन गुजरना मुश्किल हो जाता है। पिछले दिनों नगर निगम ने बाएं मोड़ चौड़े करने का प्रस्ताव बनाया था लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। गांधीनगर के कुछ स्थानों पर भी यही हालत है। पार्षद लक्ष्मण राजपूत का कहना है किनगर निगम को सर्वे कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। विधानसभा चुनाव के बाद इस संबंध में निगम आयुक्त से मुलाकात की जाएगी।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement