मेनू

उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन, नौगांव में 13 डिग्री पर पहुंचा पारा

अपडेट Oct 27, 2023 11:49 am IST
भोपाल। हवाओं का रुख उत्तरी बना रहने से प्रदेश में ठंड बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 13 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 12.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नौगांव सहित प्रदेश के सात शहरों बैतूल, छिंदवाड़ा, मंडला, रीवा, उमिरया एवं मलाजखंड में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

ऊपरी स्तर पर चल रही उत्तरी हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। वातावरण में नमी काफी कम रहने से आसमान भी साफ है। हवाओं का रुख भी पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। विशेषकर ऊपर के स्तर पर उत्तरी हवाएं लगातार चल रही हैं। इस वजह से तापमान में गिरावट हो रही है।

शाम ढलते ही महसूस होने लगी सर्दी

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि सीजन के अब दिन छोटे और रात बड़ी होने लगी है। इस वजह से भी अब धीरे-धीरे तापमान में कमी आने लगी है। यही वजह है कि धूप में चुभन महसूस नहीं हो रही है। शाम ढलने के बाद हवाओं में ठंडक महसूस होने लगती है। उधर राजधानी में रात का तापमान पांच दिन से 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे रात और सुबह के समय सिहरन महसूस होने लगी है। दिन का तापमान भी तीन दिन से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। इस वजह से धूप भी गुनगुनी लग रही है। गुरुवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहने की संभावना है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement