मेनू

क्लब सवा लाख के मुहाने पर राजा भोज एयरपोर्ट, नवंबर में 01 लाख 23 हजार 730 हवाई यात्रियों ने किया सफर

अपडेट Dec 02, 2023 12:15 pm IST
भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से देश के विभिन्न शहरों का सफर करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में इस बार करीब छह हजार यात्रियों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते दो साल के आंकड़ें देखें तो अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में ज्यादा लोगों ने हवाई सफर किया है। यही वजह है कि हमारा एयरपोर्ट क्लब एक लाख का स्तर कायम रखने में कामयाब रहा है, लेकिन सवा लाख मासिक संख्या वाले क्लब से इस माह भी बाहर ही रहना पड़ा है।
एयरपोर्ट अथारिटी के अनुसार नवंबर में भोपाल से दिल्ली, मुंबई सहित विभिन्न शहरों तक विमान से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या एक लाख 23 हजार 730 रही। अक्टूबर में यह संख्या एक लाख 17 हजार 494 थी। अक्टूबर में 1384 विमानों ने फेरे लगाए। नवंबर में 1495 बार विमानों ने उड़ान भरी। पिछले साल यानी नवंबर 2022 के मुकाबले भी नवंबर 2023 में यात्री संख्या बढ़ी है।

क्लब सवा एवं डेढ़ लाख का इंतजार

राजा भोज एयरपोर्ट का दिसंबर माह में क्लब सवा लाख में शामिल होना तय लगता है। अगले साल कई नई उड़ानें शुरू होने का अनुमान है। यदि एयर कनेक्टिविटी बढ़ी तो राजा भोज एयरपोर्ट क्लब डेढ़ लाख में भी शामिल हो सकता है। हाल के दिनों में एयरलाइंस कंपनियों को उम्मीद से अधिक पैसेंजर लोड मिलने लगा है। डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है कि लोड बढ़ने से नई उड़ानें शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।

दो साल में ऐसे बढ़ी यात्रियों की संख्या व विमानों के फेरे

वर्ष - यात्री संख्या - विमानों के फेरे

अक्टूबर 2022 - 92,835 - 981

अक्टूबर 2023 - 117,494 - 1384

नवंबर 2022 - 98,148 - 948

नवंबर 2023 - 123,730 - 1495

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement