मेनू

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एसपी के सूने मकान में चोरों का धावा

अपडेट Jun 28, 2023 06:11 pm IST
भोपाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भोपाल आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से राजधानी में सख्त सुरक्षा व्यवस्था थी। शहर के चप्पे-चप्पे पर करीब चार हजार पुलिस जवान तैनात होने के साथ लगातार चेकिंग हो रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस अधीक्षक के घर धावा बोला और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 90 हजार का माल समेट ले गए। बदमाशों ने सूने मकान के पीछे रोशनदान की जाली काटकर भीतर प्रवेश किया और फिर पिछला दरवाजा खोलकर भाग निकले। कमला नगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बीएम शाक्य (53) पुलिस रेडियो कालोनी भदभदा रोड पर रहते हैं और पुलिस दूरसंचार मुख्यालय में पदस्थ हैं। फिलहाल वह डायल 100 में पुलिस अधीक्षक हैं। शनिवार 24 जून की शाम करीब छह बजे एसपी के घर पर ताला लगाकर वह स्वजनों के साथ शहर से बाहर थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर लौटे। ताला खोलकर अंदर जाने का प्रयास किया तो पता चला कि दरवाजा भीतर से बंद है। शंका होने पर मकान के पीछे पहुंचे तो पता चला कि पिछला दरवाजा खुला हुआ है और उसके ऊपर लगे रोशनदान की जाली कटी हुई है। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लाकर खुला था और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। चेक करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और कटोरी के साथ करीब 10 हजार रुपए नकदी गायब थी। रोशनदान की जाली काटकर भीतर घुसे बदमाश करीब 90 हजार का सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement