मेनू

मध्यप्रदेश में राहुल के साथ-साथ चले,अम्बेडकर की जन्मस्थली पर छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपा

अपडेट Nov 27, 2022 09:00 pm IST

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजनीति के जय-वीरू यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की जोड़ी साथ-साथ नजर आई। दोनों दिग्गज नेता खरगोन जिले के उमरिया चौकी से इंदौर के बलवाड़ा तक राहुल गांधी के साथ-साथ चले। देर शाम महू में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्म स्थली पर छत्तीसगढ़ से ले जाए गए मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपण किया गया।

छत्तीसगढ़ से गये अतिथि पदयात्रियों के लिए शनिवार-रविवार का समय तय हुआ था। इसके लिए कांग्रेस नेताओं का जत्थे अलग-अलग समय पर शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश पहुंच गये थे। वहां अधिकांश नेता खंडवा के ओंकारेश्वर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी आसपास के हाेटलों में ठहरे। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा सुबह करीब 6 बजे खंडवा जिले के मोरटक्का से शुरू हुई।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता राहुल गांधी के साथ थोड़ी-थोड़ी देर तक चलते रहे। पदयात्रा में टी ब्रेक तक प्रियंका गांधी और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी साथ चलते रहे। बाद में प्रियंका इंदौर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

पदयात्री खरगोन के बड़वाह होते हुए खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गये। यहां मॉर्निंग ब्रेक हुआ। करीब साढ़े 3 बजे यात्रा उमरिया चौकी से शुरू होकर बलवाड़ा के लिए निकली। यहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पदयात्रा में शामिल हो गए। शाम को पदयात्री बलवाड़ा के मायापुर धाम मंदिर पहुंची जहां इवनिंग ब्रेक हुआ। बाद में राहुल गांधी के साथ सभी वरिष्ठ नेता महू के लिए रवाना हुए।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

विज्ञापन

Advertisement